विनेश फोगाट की एंट्री पर विवाद, दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचा WFI
नई दिल्ली, 28 मई - विनेश फोगाट को एशियन गेम्स 2026 चयन ट्रायल में भाग लेने की अनुमति देने वाले दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। मामले की सुनवाई शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट की बेंच करेगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जस्टिस पी. एस. नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच डब्ल्यूएफआई की याचिका पर सुनवाई करेगी। फेडरेशन ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें महिला पहलवान विनेश फोगाट को आगामी चयन ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति दी गई थी।
दिल्ली हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने 22 मई को अपने आदेश में कहा था कि डब्ल्यूएफआई की चयन नीति एक्सक्लूजनरी यानी भेदभावपूर्ण प्रतीत होती है, क्योंकि उसमें विनेश फोगाट जैसी प्रतिष्ठित खिलाड़ी के लिए कोई विशेष विवेकाधिकार नहीं रखा गया। कोर्ट ने यह भी माना कि विनेश फोगाट मातृत्व अवकाश के बाद वापसी कर रही हैं और उन्हें मौका मिलना चाहिए।

