'कांग्रेस के कुचक्र से आजाद हुआ देश, जनता देख रही स्थिरता', 12 साल का कार्यकाल पूरा होने पर पीएम

नई दिल्ली, 10 जून - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 साल का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर देश की जनता का आभार प्रकट किया। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नेताओं की बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा, मैं आज इस यात्रा के ऐसे सभी साथियों के प्रति भी अपना आभार प्रकट करता हूं। इस अवसर पर एनडीए के सदस्यों ने एक प्रस्ताव भी पेश किया है। यह आपकी उदारता है। मैं इस यात्रा को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं मानता। यह हम सबकी सामूहिक उपलब्धि है। ये एनडीए के हर घटक दल की एक समान उपलब्धि है। इसलिए मैं इस प्रस्ताव को आप सभी को भाजपा समेत हमारे एनडीए परिवार के सभी कार्यकर्ताओं को समर्पित करता हूं।
उन्होंने कहा, भारत की जनता का नीर-क्षीर विवेक हमेशा अद्भुत रहा है। देश की जनता ने राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक स्थिरता का महत्व समझा है। ये जनता जनार्दन की परिपक्वता ही है कि उसने लंबे समय तक मुझे इस तरह जनता की सेवा का अवसर दिया। 2014 के पहले के कई दशक बहुत अस्थिरता और उथल-पुथल से भरे थे। इसका देश को नुकसान उठाना पड़ा था। लेकिन अब देश की जनता एक स्थिर सरकार का काम भी देख रही है और उसकी निर्णायक क्षमताओं को परख भी रही है। मैं जनता का आभार प्रकट करता हूं।
प्रधानमंत्री ने कहा, साल 2014 में जब एनडीए की जीत हुई थी तब मैंने कहा था कि आज देश के सामान्य मानवीय में एक नई आशा का उदय हुआ है। इस आशा का इस उम्मीद का संरक्षण हम सभी का दायित्व था। देश के लोगों ने कांग्रेस के विश्वासघात के बाद अपना भरोसा हमें सौंपा। मुझे संतोष है, गर्व है कि एनडीए परिवार के तौर पर हमने देश के विश्वास को हमेशा और मजबूत किया है। 2014 में आशा का उदय होता सूरज आज नए आत्मविश्वास के प्रकाश पुंज में बदल गया है। भारत के लोगों ने पहली बार देखा है कि जब सही नीयत से सरकार चलती है तो तेज गति से विकास होता है। एनडीए सरकार के इन 12 वर्षों में 25 करोड़ से ज्यादा लोगों का गरीबी से बाहर निकलना दिखाता है कि हमारी नीतियां सही हैं।

 
#'कांग्रेस के कुचक्र से आजाद हुआ देश
# जनता देख रही स्थिरता'
# 12 साल का कार्यकाल पूरा होने पर पीएम