हैदराबाद के गोदाम में धमाका, एक व्यक्ति की मौत
हैदराबाद, 22 जून- हैदराबाद के मीरपेट थाना क्षेत्र के पास स्थित एक गोदाम में हुए अचानक विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। आदिबाटला के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) डी.वी. प्रदीप कुमार रेड्डी के अनुसार, यह विस्फोट एक ऐसे गोदाम में हुआ जहां कार्यक्रमों की सजावट से संबंधित सामान रखा जाता था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी अनूप प्रधान के रूप में की। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गोदाम में रखे एक जैविक रसायन (ऑर्गेनिक केमिकल) में विस्फोट होने से अनूप प्रधान की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, अनूप प्रधान हाल ही में मजदूरी के काम के लिए हैदराबाद आया था। मामले की जांच जारी है और विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

