महिला टी-20 विश्व कप: ऑस्ट्रेलिया से 6 विकेट से हारा भारत, टूर्नामेंट से हुआ बाहर
लंदन, 28 जून- महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम का सफर समाप्त हो गया। रविवार को लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से हराकर सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर कर दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में 56 रन की तेज़ पारी खेली।
171 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत लड़खड़ाई और भारत ने शुरुआती तीन विकेट जल्दी हासिल कर लिए। लेकिन एलिस पेरी (38 गेंदों में 56 रन) और एशले गार्डनर (29 गेंदों में नाबाद 53 रन) के बीच 100 रनों की बेहतरीन साझेदारी ने मैच का रुख बदल दिया। ऑस्ट्रेलिया ने 5 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस मुकाबले में भारत की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल की। वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में सबसे अधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं।
इस हार के साथ भारत ग्रुप-ए में तीसरे स्थान पर रहा, जबकि ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया।

