IND W vs BAN W: शेफाली के अर्धशतक से जीता भारत, सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार

मैनचेस्टर, 25 जून - भारत ने महिला टी20 विश्व कप 2026 में अपनी सेमीफाइनल की उम्मीदों को जीवित रखते हुए गुरुवार को ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेले गए मैच में बांग्लादेश को पांच विकेट से हरा दिया। शैफाली वर्मा के तेजतर्रार अर्धशतक और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टीम ने 137 रन के लक्ष्य को 16.5 ओवर में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया। इससे पहले भारत ने बांग्लादेश को 20 ओवर में 136/8 के स्कोर पर रोक दिया। हालांकि भारतीय टीम की फील्डिंग एक बार फिर सवालों के घेरे में रही और खिलाड़ियों ने चार कैच छोड़े, लेकिन गेंदबाजों ने विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत धीमी रही। रेणुका सिंह ठाकुर ने शुरुआती झटका देते हुए दिलारा अख्तर को सिर्फ चार रन पर आउट कर दिया। इसके बाद जुआइरिया फर्दौस और सोभाना मोस्टारी ने पारी को संभालने की कोशिश की। जुआइरिया ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों पर 33 रन बनाए, जिसमें पांच चौके शामिल रहे। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 51 रन जोड़े।

 
#सेमीफाइनल