निर्माणाधीन दीवार गिरने से दो मजदूरों की मौत, कई लोगों के फंसे होने की आशंका
जयपुर, 29 जून - जयपुर के चंदवाजी थाना क्षेत्र स्थित तालामोड़ में निर्माणाधीन अरावली रिसॉर्ट में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। रिसॉर्ट के बेसमेंट में एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक एक दीवार भरभराकर गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसे में दो महिला मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार से अधिक मजदूर घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, कुछ अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मलबे में फंसे मजदूरों को निकालने के लिए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बेसमेंट में निर्माण कार्य के दौरान अचानक दीवार ढह गई, जिससे वहां मौजूद मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है। साथ ही यह भी पड़ताल की जा रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
ज़िला कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। आशंका है कि मलबे के नीचे कुछ और लोग दबे हो सकते हैं। उनकी तलाश के लिए इंफ्रारेड कैमरों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। एसडीएम राजेंद्र और तहसीलदार सौरभ गुर्जर सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

