पंचतत्व में विलीन हुए हवलदार विशम्बर सिंह, 11 वर्षीय बेटे अक्षित ने दी मुखाग्नि

 

 

 ऊना , 30 जून -  ऊना जिले के बंगाणा उपमंडल के तहत मलांगड़ पंचायत के भारतीय सेना के जवान विशम्बर सिंह वीरगति को प्राप्त हो गए। सोमवार सुबह उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह विशम्बर सिंह नियमित ड्रिल समाप्त होने के बाद वह साइकिल से अपनी यूनिट लौट रहे थे। यूनिट पहुंचने के बाद उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई, उन्हें तुरंत आर्मी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

विशम्बर सिंह 16 वर्षों से भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे थे। वह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो पुत्र छोड़ गए हैं। परिवार के सबसे छोटे बेटे की उम्र अभी केवल 4 माह है जबकि बड़ा बेटा अभी बाल्यावस्था में है। उनके पिता रसीला राम, जो स्वयं पूर्व सैनिक हैं, पुत्र के निधन से सदमे में हैं। माता शीला देवी और पत्नी सोनिया देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजन और ग्रामीण परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। विशम्बर सिंह का पार्थिव शरीर मंगलवार सुबह देहरादून से उनके पैतृक गांव लाया गया , जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

#ऊना
# हवलदार विशम्बर सिंह