BoPS: निजी सुरक्षा एजेंसियां ही करेंगी बंदरगाहों की सुरक्षा, CISF से प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों की होगी तैनात

नई दिल्ली, 10 जुलाई - केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और केन्द्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शुक्रवार को पत्तन सुरक्षा ब्यूरो (बीओपीएस) के गठन में हुई प्रगति की समीक्षा की। गृह मंत्री ने मत्स्यपालन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में फिशिंग हार्बर्स और फिश लैन्डिंग सेंटर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसरो द्वारा विकसित ‘नभमित्र’ एप का और प्रचार-प्रसार हो, जिससे अधिक से अधिक संख्या में नाविक इसे अपने मोबाइल में डाउनलोड कर सकें। बंदरगाहों की सुरक्षा में केवल लाइसेंस प्राप्त निजी सुरक्षा एजेंसी ही रहें। वहां पर केवल सीआईएसएफ से प्रशिक्षित निजी सुरक्षा कर्मियों की ही तैनाती की जाए।  
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पत्तन सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान के लिए वर्तमान में उपलब्ध इंफ्रास्ट्रक्चर में सुरक्षाकर्मियों का प्रशिक्षण जल्द शुरू करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बीओपीएस में तैनात किए जाने वाले सुरक्षाकर्मियों का एक डेटाबेस बनाया जाए। बीओपीएस की सुरक्षा व्यवस्था वाले सभी बंदरगाहों पर कंटेनर स्कैनिंग की व्यवस्था हो। गृह मंत्री ने सीआईएसएफ को देश के बड़े बंदरगाहों, जैसे विशाखापत्तनम पोर्ट, जवाहरलाल नेहरू पोर्ट और मुंद्रा पोर्ट पर जाकर बीओपीएस को सौंपी जाने वाली सुरक्षा का ट्रायल करे। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार तटीय सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए कृतसंकल्प है। 

 
#BoPS
# निजी सुरक्षा एजेंसियां
# CISF