घग्गर में मछली पकड़ने गए दो लोग तेज बहाव में बहे   

 

भांखरपुर के पास हादसा, देर रात तक सर्च जारी; आज सुबह फिर से शुरू होगा सर्च ऑपरेशन

डेराबस्सी, 11 जुलाई भांखरपुर के पास घग्गर नदी में मछली पकड़ने गए तीन युवकों में से दो तेज बहाव में बहकर लापता हो गए, जबकि तीसरे युवक ने किसी तरह नदी किनारे झाड़ियों को पकड़कर अपनी जान बचाई। घटना के बाद परिवार वालों और मुबारिकपुर पुलिस ने देर रात तक दोनों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अब सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, दर्शन, सुरिंदर और चंदा घग्गर नदी में मछली पकड़ने गए थे। इस दौरान दर्शन का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गया। सुरिंदर भी उसे बचाने के लिए पानी में उतरा, लेकिन वह भी बहाव में फंस गया।तीसरे साथी चंदा ने नदी किनारे पेड़ और झाड़ियां पकड़कर अपनी जान बचाई। इसके बाद वह पैदल और रास्ते में लिफ्ट मांगकर मनीमाजरा पहुंचा, जहां उसने दोनों के परिजनों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर परिजन और मुबारिकपुर पुलिस मौके पर पहुंची। अंधेरा होने तक नदी किनारे और आस-पास के इलाकों में तलाश की गई, लेकिन दोनों युवकों का कोई पता नहीं चला। पुलिस ने बताया कि सुबह रेस्क्यू टीम की मदद से फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

#घग्गर