Pune Building Collapse: कचरे का पहाड़ बना काल; पुणे हादसे में गई नौ की जान
पुणे, 12 जुलाई - पुणे के पास मोशी स्थित वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट में इमारत गिरने के हादसे में लापता आखिरी व्यक्ति का शव भी रविवार तड़के बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही इस हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। बचाव दल ने तलाशी अभियान पूरा होने के बाद इसे समाप्त कर दिया।
यह हादसा 8 जुलाई को पुणे जिले के मोशी में पिंपरी चिंचवड़ नगर निगम (PCMC) द्वारा संचालित वेस्ट-टू-एनर्जी (WTE) प्लांट में हुआ। यहां तीन मंजिला प्रशासनिक इमारत उस समय ढह गई, जब उसके पास जमा कचरे का विशाल ढेर भूस्खलन की तरह इमारत पर आ गिरा। इस हादसे में कई लोग मलबे में दब गए थे।
अधिकारियों के मुताबिक, लापता आखिरी व्यक्ति वामन कसबे का शव रविवार तड़के मलबे से निकाला गया। इसके साथ ही मृतकों की संख्या नौ हो गई, जबकि 14 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। इसके बाद राहत और बचाव अभियान समाप्त कर दिया गया।

