वैष्णो देवी चांदी प्रकरण में सीजेएम के हस्तक्षेप का स्वागत, पारदर्शिता और जवाबदेही हो सुनिश्चित: शिवसेना (यूबीटी)
जम्मू, 15 जुलाई: शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) जम्मू-कश्मीर इकाई ने श्री माता वैष्णो देवी मंदिर से जुड़े कथित चांदी शुद्धता प्रकरण में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) जम्मू के हस्तक्षेप का स्वागत करते हुए पूरे मामले की सीबीआई अथवा उच्च न्यायालय के किसी वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
पार्टी के प्रदेश प्रमुख मनीष साहनी ने कहा कि इतने गंभीर आरोपों के बावजूद प्रशासन और क्राइम ब्रांच की कार्यप्रणाली निराशाजनक रही। समय पर एफआईआर दर्ज न होना और प्रभावी जांच शुरू न किया जाना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि सीजेएम द्वारा क्राइम ब्रांच को 29 जुलाई को रिकॉर्ड सहित व्यक्तिगत रूप से तलब किए जाने का आदेश जवाबदेही तय करने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
साहनी ने कहा कि अयोध्या राम मंदिर में कथित चंदा गबन से जुड़े हालिया खुलासों के बाद देशभर के प्रमुख धार्मिक संस्थानों में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर लोगों की चिंताएं बढ़ी हैं। ऐसे में श्री माता वैष्णो देवी मंदिर से जुड़े इस प्रकरण की निष्पक्ष, समयबद्ध और पारदर्शी जांच अत्यंत आवश्यक है, ताकि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास अक्षुण्ण बने रहें।

