BJP के साथ पिछले दरवाजे से कोई बातचीत नहीं हो रही : सुप्रिया सुले
नई दिल्ली, 15 जुलाई - राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (राकांपा-शप) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने बुधवार को अपनी पार्टी के नेताओं और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच हुई मुलाकातों को लेकर लगाई जा रही अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि ये बैठकें सियासी रणनीति का हिस्सा नहीं थीं।
सुले ने मुंबई में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल ने राकांपा (शप) के नगर परिषद अध्यक्ष के खिलाफ की गई कार्रवाई का मुद्दा उठाने के लिए फडणवीस से आधिकारिक तौर पर मिलने का समय मांगा था।
उन्होंने कहा, ‘‘जयंत पाटिल ने आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री से मिलने का समय मांगा, अपनी कार से गए और अपनी कार से ही वापस आए। इस बैठक में कुछ भी गुप्त नहीं था। अगर आप यह जानना चाहते हैं कि मुख्यमंत्री से उनके आवास पर और कौन-कौन मिला, तो आपको मुख्यमंत्री से पूछना चाहिए, मुझसे नहीं।’’

