2027 चुनाव : पंजाब और पंथ के हित सुरक्षित होने पर बीजेपी से भी हो सकता है गठबंधन: बीबी जागीर कौर


कपूरथला, 15 जुलाई  -शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) की महिला विंग की अध्यक्ष व पूर्व एसजीपीसी प्रधान बीबी जागीर कौर ने साल 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति साफ कर दी है। कपूरथला में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि चुनावी गठबंधन के लिए पंथक सोच रखने वाले सभी राजनीतिक दलों के लिए उनके दरवाजे पूरी तरह खुले हैं।
भारतीय जनता पार्टी के साथ भविष्य में गठबंधन करने के सवाल पर बीबी जागीर कौर ने कहा कि अगर केंद्र सरकार या भाजपा द्वारा पंजाब और सिख पंथ के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाती है, तो वे भाजपा के साथ भी गठबंधन की राह पर आगे बढ़ने के बारे में सोच सकते हैं। उनके मुताबिक, पार्टी के लिए पंजाब और पंथ के हित सर्वोपरि हैं।
बीबी जागीर कौर ने सिख राजनीति में एकजुटता की वकालत करते हुए कहा कि अलग-अलग गुटों में बंटे सभी अकाली दलों को श्री अकाल तख्त साहिब की शरण में आ जाना चाहिए। सुखबीर सिंह बादल के संबंध में बोलते हुए उन्होंने साफ किया कि अगर सुखबीर बादल 2 दिसंबर 2024 को श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा जारी गए हुकमनामे को पूरी तरह स्वीकार करते हैं और उस पर अमल करते हैं, तो वे (बीबी जागीर कौर और उनकी पार्टी) सुखबीर बादल के साथ चलने के लिए तैयार हैं।
पिछले कुछ दिनों से सियासी गलियारों में चल रही अफवाहों को सिरे से खारिज करते हुए बीबी जागीर कौर ने कहा, "मैं पंथ की सच्ची सेवक हूँ और आम आदमी पार्टी  में शामिल होने की सभी खबरें पूरी तरह झूठी और बेबुनियाद हैं।" उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी पार्टी किसी पूंजीपति की नहीं, बल्कि पंजाब के गरीब कामगारों, मजदूरों और किसानों की अपनी पार्टी है।
मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकार को घेरते हुए महिला विंग अध्यक्ष ने पंजाब की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अमन-चैन और कानून की स्थिति पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

#2027 चुनाव