प्रधानमंत्री मोदी धर्मनगरी को आज देंगे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक व सिख म्यूजिमय की सौगात
जींद , 17 जुलाई - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को धर्मनगरी को 447 करोड़ से तैयार रेलवे स्टेशन व ऐलिवेटेड ट्रैक की सौगात देंगे। इसके साथ ही करीब 169 करोड़ से गांव उमरी में नेशनल हाईवे के समीप पांच एकड़ में बनने वाले प्रदेश के पहले अत्याधुनिक सिख म्यूजिमय का शिलान्यास भी करेंगे। प्रधानमंत्री जींद से वर्चुअल माध्यम से रेलवे एलिवेटेड ट्रैक वह रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे तो वहीं चार मंजिला बनने वाले सिख संग्रहालय का शिलान्यास भी करेंगे।
इस दौरान स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में किया जाएगा, जिसकी सभी तैयारी पूरी की जा चुकी है। इस कार्यक्रम में सांसद नवीन जिंदल मुख्यातिथि होंगे। कार्यक्रम में 500 ई रिक्शा व एक हजार साइकिलों के जरिए लोग पहुंचेंगे। लोगों के कार्यक्रम में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है। आसपास के पूरे क्षेत्र को सजाया गया है।
वहीं सात साल में बनकर तैयार हुए ऐलिवेटेड रेलवे ट्रैक व स्टेशन को भी रात भर सजाया जाता रहा। रंगीन रोशनी में पूरे स्टेशन को नहलाया गया तो वहीं रंग बिरंगे गुब्बारे, फूल मालाएं भी सजाई गई है। फिलहाल भी यहां तैयारियों को मुक्कमल किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के लोकार्पण किए जाने के साथ ही इस ऐलिवेटेड रेलवे ट्रैक से ट्रेनें दौड़ने लगेंगी तो यहां स्टेशन भी औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगा। शहर को पांच फाटकों से राहत मिलेगी।

