प्रधानमंत्री मोदी का ऑस्ट्रेलिया दौरा, व्यापार समझौते पर होगी अहम चर्चा
मेलबर्न, 9 जुलाई- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में आयोजित भारत-ऑस्ट्रेलिया CEO फोरम और आर्थिक रोडमैप बिजनेस रिसेप्शन में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत और ऑस्ट्रेलिया ने भविष्य के लिए एक मजबूत रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी की नींव रखी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया इस समय अनिश्चितता, सप्लाई चेन में व्यवधान और ऊर्जा संकट जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में भारत और ऑस्ट्रेलिया का भरोसेमंद साझेदार के रूप में साथ मिलकर आगे बढ़ना बेहद महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ के साथ सेल्फी भी ली।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया-भारत CEO फोरम को संबोधित करना बेहद महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि 2023 से इस फोरम ने उल्लेखनीय गति हासिल की है, जो दोनों देशों के बीच बढ़ते आर्थिक विश्वास और सहयोग का प्रमाण है।
उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ का कार्यक्रम में शामिल होने और दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए अपना दृष्टिकोण साझा करने पर आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने विमानन, परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स, वित्तीय सेवाएं, महत्वपूर्ण खनिज, प्रौद्योगिकी, खाद्य प्रसंस्करण, खाद्य सुरक्षा और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में निवेश और सहयोग की व्यापक संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत विकास और नवाचार के लिए अभूतपूर्व अवसर प्रदान करता है और दुनिया भर के कारोबारियों को भारत में निवेश और नवाचार के लिए आमंत्रित किया।
प्रधानमंत्री मोदी 6 से 11 जुलाई तक तीन देशों के दौरे पर हैं। ऑस्ट्रेलिया प्रवास के दौरान उनकी प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी, जिसमें दोनों देशों के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में भारतीय मूल के करीब 40,000 लोगों को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वह 11 जुलाई को अपने अगले पड़ाव न्यूज़ीलैंड के लिए रवाना होंगे।





