रोहिणी बिल्डिंग हादसा: मलबे में दबकर 4 लोगों की मौत
नई दिल्ली, 9 जुलाई - राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-26 स्थित केएन कटजू मार्ग (KN Katju Marg) थाना क्षेत्र में नई निर्माणाधीन इमारत गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया, जिसमें राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS), टीपीडीडीएल (TPDDL) और अन्य संबंधित एजेंसियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
बचाव अभियान के दौरान मलबे में फंसे सद्दाम उर्फ रवि (32) नामक मजदूर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, इस हादसे में चार लोगों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान राम (42) निवासी सेक्टर-16 रोहिणी, जो पेशे से दर्जी थे, काफे उर्फ नूरुल (24) निवासी सेक्टर-16 द्वारका, जो मजदूर के रूप में कार्यरत थे, तथा राम दुआ (62) निवासी सेक्टर-16 रोहिणी, जो इमारत के मालिक के पिता थे, के रूप में हुई है। चौथे मृतक की भी पुष्टि की गई है, हालांकि उसकी विस्तृत पहचान जारी की जानी बाकी है।
प्रशासन के अनुसार राहत एवं बचाव अभियान लगभग पूरा हो चुका है, जबकि मलबा हटाने का कार्य अभी भी जारी है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है और इमारत गिरने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में निर्माण कार्य और सुरक्षा मानकों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

