हरियाणा का दौरा करेंगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर 17 जुलाई को हरियाणा में आ रहे हैं। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के जींद से देश की पहली हाईड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और हाईड्रोजन गैस प्लांट का शुभारंभ भी करेंगे। उसी दिन प्रधानमंत्री प्रदेश के लिए कई अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे। प्रधानमंत्री द्वारा जिन अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा, उनमें कुरुक्षेत्र ऐलिवेटिड रेलवे ट्रैक, अम्बाला-काला अम्ब ग्रीन फील्ड एक्सप्रैस-वे का शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भिवानी और नारनौल मैडिकल कालेज का लोकार्पण करेंगे।
बीकानेर-सिवानी-सोनीपत सड़क परियोजना, दिल्ली-कटरा एक्सप्रैस-वे के हरियाणा के हिस्से का उद्घाटन, जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-352 डी) और हांसी-बरवाला राष्ट्रीय राजमार्ग का लोकार्पण भी इस कार्यक्रम में शामिल है। 17 जुलाई को जींद से शुरू की जा रही देश की पहली हाईड्रोजन ट्रेन न सिर्फ पेट्रोल और डीजल रहित होगी, बल्कि स्वच्छ, हरित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की दिशा में देश का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री के हरियाणा दौरे को लेकर जहां एक तरफ प्रदेश सरकार ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं, वहीं हरियाणा प्रदेश भाजपा संगठन की ओर से भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को व्यापक और यादगार बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
सिख संग्रहालय की रखेंगे आधारशिला
इसी दिन प्रधानमंत्री कुरुक्षेत्र में ऐतिहासिक एवं भव्य सिख संग्रहालय की आधारशिला रखेंगे। कुरुक्षेत्र में बनने वाले इस आधुनिक सिख संग्रहालय में सभी 10 सिख गुरु साहिबान के इतिहास पर आधारित वर्चुअल गैलरी, आधुनिक पुस्तकालय और लाईट व साऊंड शो की व्यवस्था भी होगी। कुरुक्षेत्र शहर जो महाभारत काल और श्रीमद् भगवत गीता से जुड़ा हुआ एक ऐतिहासिक शहर है, इसमें सिख संग्रहालय का निर्माण होने से देशभर से धार्मिक पर्यटन को और ज्यादा बढ़ावा मिलने की उम्मीद की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सड़क, रेल, स्वास्थ्य और पर्यटन से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का जींद से ही लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इसके लिए जिन-जिन शहरों और जिला मुख्यालयों से संबंधित ये परियोजनाएं हैं, वहां पर भी व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। हरियाणा भाजपा की कमान डॉ. अर्चना गुप्ता को मिलने के बाद प्रधानमंत्री का हरियाणा में यह पहला दौरा है और इसको सफल बनाने के लिए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता पूरे जी-जान से लगी हुई हैं। जींद हरियाणा के बिल्कुल केंद्र में स्थित है और प्रदेश की राजनीतिक राजधानी भी माना जाता है। इस समय हरियाणा विधानसभा में जींद का नेतृत्व डॉ. कृष्ण मिड्ढा करते हैं, जोकि हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर भी हैं। वह भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए अपनी पूरी टीम के साथ जी-जान से जुटे हुए हैं।
खेलों में बहुत आगे है हरियाणा
आबादी व क्षेत्रफल के हिसाब से हरियाणा चाहे देश का एक छोटा राज्य है, लेकिन खेलों के मामले में हरियाणा बड़े-बड़े राज्यों से भी बहुत आगे है। राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेलों में हरियाणा के खिलाड़ी बड़े-बड़े राज्यों को पीछे छोड़ कर न सिर्फ दुनिया में भारत का नाम ऊंचा करते हैं, बल्कि पदक तालिका में भी हरियाणा के खिलाड़ियों की हमेशा बेहद दमदार मौजूदगी होती है। हरियाणा की खेल नीति की देश भर में खूब सराहना होती है और इस खेल नीति से खिलाड़ियों को काफी प्रोत्साहन भी मिलता है।
पिछले 12 सालों में हरियाणा के खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार की ओर से 730 करोड़ रुपए के नकद ईनाम दिए गए और इस दौरान करीब 17 हजार खिलाड़ी नकद पुरस्कार से सम्मानित किए गए। हरियाणा सरकार में अभी से 2028, 2032 और 2036 के ओलम्पिक खेलों की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रदेश में खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देने के साथ-साथ 260 खिलाड़ियाें को सरकारी नौकरियां भी दी गईं। इतना ही नहीं, हरियाणा सरकार ने खेल ग्रेडेशन नीति में भी व्यापक संशोधन किया है, ताकि हरियाणा स्टेट गेम्स में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ग्रेडेशन का लाभ मिल सके। हरियाणा में खेल विभाग की ओर से दो हजार खेल नर्सरियां खोली गई हैं और 8 से 19 वर्ष के खिलाड़ियों को 1500 रुपए से लेकर 2000 रुपए मासिक छात्र-वृति दी जा रही है।
खिलाड़ियाें को मानदेय
हरियाणा में खेल रत्न, द्रोणाचार्य, अर्जुन और ध्यानचंद अवार्ड पाने वाले खिलाड़ियाें को 20 हजार रुपए महीना और भीम अवार्ड पाने वाले खिलाड़ियों को 5 हजार रुपए महीना मानदेय मिल रहा है। हरियाणा मेें 25 आवासीय खेल अकादमियों में खिलाड़ियों को रोजाना 500 रुपए डाईट मनी दी जाती है। एक दशक पहले खेल विभाग का जो बजट 163 करोड़ रुपए होता था, उसे अब बढ़ाकर 668 करोड़ रुपए कर दिया गया है। खेलों व अभ्यास के दौरान चोटिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए पंचकूला के ताऊ देवी लाल खेल परिसर में 10 करोड़ रुपए की लागत से उत्तर भारत का पहला ए-स्टार वैज्ञानिक प्रशिक्षण एवं पुनर्वास केंद्र भी स्थापित किया गया है। मिशन 2036 के लिए हरियाणा ने 36 पदक जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले 198 खिलाड़ियों को 20.59 करोड़ रुपए के नकद ईनाम देकर सम्मानित किया। हरियाणा सरकार खेलों पर खास तवज्जों दे रही है और उम्मीद की जा रही है कि आने वाले राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा के खिलाड़ी निश्चित तौर पर बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
कांग्रेस के नए प्रभारी संजय दत्त
हरियाणा कांग्रेस के नए प्रभारी संजय दत्त नियुक्त किए गए हैं। उनका हरियाणा में पहला दौरा मंगलवार से शुरू हो गया है। वह लगातार 5 दिन हरियाणा में रहेंगे और चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी के सांसदों, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों से कांग्र्रेस संगठन और राजनीतिक विषयों पर संवाद करेंगे। संजय दत्त को अभी पिछले हफ्ते ही हरियाणा कांग्रेस का प्रभारी नियुक्त किया गया था। हरियाणा में कांग्रेस को एकजुट करना और संगठन में जान डालना नए प्रभारी के लिए एक बड़ी चुनौती माना जा रहा है। प्रदेश में इस समय मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का काम चल रहा है और प्रदेश कांग्रेस की ओर से इस संबंध में एक राज्य स्तरीय समिति भी गठित की गई है। नए प्रभारी संजय दत्त पार्टी के सभी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के साथ वन-टू-वन बैठकें करने, प्रत्येक जिले के संगठनात्मक कार्याें, चुनौतियों और भविष्य की रणनीति पर चर्चा करने का भी कार्यक्रम है। प्रदेश प्रभारी संजय दत्त इस दौरान कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रमुखों से भी संवाद करेंगे और 11 जुलाई को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में ओपन हाऊस का आयोजन करके पार्टी के नेताओं और कार्यकर्त्ताओं से उनके सुझाव, समस्याएं और संगठन संबंधी विचार जानने का प्रयास करेंगे। 10 जुलाई शाम को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी छात्रों की गूंज अभियान की समीक्षा बैठक भी करेंगे और नीट पेपर लीक प्रकरण से जुड़े घटनाक्रम के कारण अपनी जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए पंचकूला में कैंडल मार्च में भी हिस्सा लेंगे। संजय दत्त प्रभारी नियुक्त होते ही एकदम बेहद सक्रिय नजर आ रहे हैं। वह पार्टी के सभी गुटों को किस सीमा तक एकजुट कर पाएंगे और पार्टी संगठन में सभी नेताओं व उनके समर्थकों को कहां तक एडजस्ट कर पाएंगे, यह आने वाला समय ही बताएगा लेकिन हरियाणा कांग्रेस संगठन की एकता ही प्रदेश में पार्टी का भविष्य तय करेगी। फिलहाल सभी की नजरें इस ओर लगी हुई हैं।
-मो.-9855465946



