प्रभावशाली रहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हरियाणा दौरा

हरियाणा के नजरिए से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हरियाणा दौरा बेहद महत्वपूर्ण रहा। प्रधानमंत्री ने जहां एक तरफ देश की पहली हाईड्रोजन ट्रेन को जींद से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, वहीं प्रदेश की कई अन्य परियोजनाओं का लोकार्पण किया और कुछ परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। 
देश की पहली हाईड्रोजन ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच पायलट प्रोजैक्ट के तौर पर शुरू की गई है। दस कोच वाली यह हाईड्रोजन ट्रेन 3200 हार्स पावर की है, जिसे सबसे ज्यादा ताकतवर और सबसे लम्बी हाईड्रोजन ट्रेन माना जाता है। इसके साथ ही भारत विश्व के उन तीन-चार देशों में शामिल हो गया है, जिनके पास हाईड्रोजन ट्रेन चलाने का सामर्थ्य है। यह हाईड्रोजन ट्रेन जो धुआं रहित है और पूरी तरह से मेक इन इंडिया भी है। माना जा रहा है कि हाईड्रोजन ट्रेन चलने से जहां इससे संबंधित संस्थागत ढांचा तैयार होगा, वहीं नई-नई फैक्ट्रियां भी लगेंगी, जो हाईड्रोजन ट्रेन नेटवर्क की जरूरतों को पूरा करेंगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। पहले देश की ज्यादातर ट्रेनें कोयले व भाप से चला करती थीं और उसके बाद डीजल इंजन वाली ट्रेनें व बिजली से चलने वाली ट्रेनें आ गईं और अब हाईड्रोजन ट्रेनों का एक नया युग शुरू होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाईड्रोजन ट्रेन को 21वीं सदी की ट्रेन बताते हुए इसके भविष्य को लेकर काफी उम्मीदें जताईं। 
इलैक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल
अब की बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जींद रैली के लिए इलैक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल किया गया और 466 इलैक्ट्रिक वाहन रैली में पहुंचे। रैली में शामिल हुई 155 इलैक्ट्रिक बसों के अलावा 311 इलैक्ट्रिक कारें भी शामिल थीं। इलैक्ट्रिक बसों के अलावा सीएनजी वाहनों के जरिए भी लोग रैली स्थल पर आए। इलैक्ट्रिक वाहनों को चार्जिंग के लिए कोई दिक्कत न आए, इसको देखते हुए विशेष तौर पर 41 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए थे और 6 अतिरिक्त चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध रखे गए। रैली के दौरान 135 इलैक्ट्रिक बसों को और 150 इलैक्ट्रिक कारों को चार्ज भी किया गया। इससे यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने से ही पर्यावरण की रक्षा की जा सकती है। अब की बार भाजपा कार्यकर्त्ताओं में रैली के प्रति काफी उत्साह देखने को मिला। एक खास बात यह भी रही कि प्रधानमंत्री की रैली से पहले और रैली के बाद पार्टी कार्यकर्त्ताओं ने जींद के साथ-साथ पूरे प्रदेश में स्वच्छता अभियान चलाया और लोगों को भी इसके लिए प्रेरित किया। 
इस बार रैली को प्रदेश के विभिन्न शहरों और जिला मुख्यालयों पर लाईव दिखाए जाने का भी बंदोबस्त किया गया था और उन कार्यक्रमों में मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, जिला अध्यक्षों की विशेष रूप से जिम्मेवारी भी लगाई गई थी। रैली में जींद के साथ-साथ अन्य शहरों को भी कई परियोजनाएं दी गईं और कई स्थानों पर प्रधानमंत्री ने डिजीटल माध्यम से लोकार्पण और शिलान्यास किए, जिससे ज्यादातर इलाकों के लोगों की भावनाएं और नजरें भी रैली की तरफ लगी हुई थीं। 
सिख संग्रहालय की आधारशिला
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कुरुक्षेत्र में बनने वाले सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखी। करीब 164 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होने वाला यह संग्रहालय सिख इतिहास, गुरुओं की शिक्षाओं, वीरता, बलिदान और भारतीय संस्कृति में सिख समाज के अमूल्य योगदान को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित करेगा। इससे जहां धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान ज्यादा सुदृढ़ होगी, वहीं देश व विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यह एक महत्वपूर्ण आकर्षण का केंद्र बनेगा। प्रधानमंत्री ने कुरुक्षेत्र में 372 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुए ऐलिवेटिड रेलवे ट्रैक का भी उद्घाटन किया। इस परियोजना के पूरा होने से शहर में रेलवे फाटकों पर लंबे समय तक लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और सड़क यातायात सुगम होने से लोगों को काफी सुविधा होगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने 9681 करोड़ रुपए की लागत से तैयार दिल्ली-जम्मू-कटरा एक्सप्रैस-वे के हरियाणा हिस्से को राष्ट्र को समर्पित किया, वहीं 1184 करोड़ की लागत से बने करीब 34 किलोमीटर लंबे अम्बाला-काला अम्ब राष्ट्रीय राजमार्ग का भी उद्घाटन किया। इस राजमार्ग के चालू होने से हरियाणा-हिमाचल और उत्तर भारत के अन्य इलाकों में सड़क सम्पर्क और ज्यादा आसान हो जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने 1606 करोड़ की लागत से तैयार हुए 40 किलोमीटर लंबे जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग का भी उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने 135 करोड़ की लागत से तैयार होने वाले 24 किलोमीटर लंबे हांसी-बरवाला राष्ट्रीय राजमार्ग का शिलान्यास भी किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भिवानी और कोरियावास में नए सरकारी मेडिकल कालेजों का उद्घाटन भी किया। भिवानी में 594 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुए पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कालेज और नारनौल जिले के कोरियावास में 844 करोड़ रुपए की लागत से बने मेडिकल कालेज शुरू होने से दक्षिण हरियाणा के इन पिछड़े क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और लोगों को काफी राहत मिलेगी। 
जींद से रिश्तों का विशेष उल्लेख
नरेन्द्र मोदी करीब 30 साल पहले हरियाणा भाजपा के प्रभारी हुआ करते थे। उस समय वे पूरे हरियाणा में लगातार सक्रिय रहते थे और संगठन को मजबूत बनाने के लिए काफी मेहनत करते थे। जींद रैली के जरिए नरेन्द्र मोदी ने जहां हरियाणा के साथ अपने पुराने रिश्तों को ताजा किया, वहीं जींद के घी और घेवर का भी विशेष उल्लेख किया। जींद का महाराजा रणजीत सिंह के साथ भी बेहद गहरा रिश्ता रहा है और जींद रैली के दौरान प्रधानमंत्री ने महाराजा रणजीत सिंह का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि जींद महाराजा रणजीत सिंह का गौरव भी है। उन्होंने पांडू पिटारा का उल्लेख करते हुए जींद के साथ पांडवों के  संबंधों का भी विशेष जिक्र किया। हरियाणा के खिलाड़ी पिछले काफी समय से राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और इसका विशेष तौर पर जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने हरियाणा के खिलाड़ियों को भविष्य के लिए भी बेहतरीन प्रदर्शन करने का आह्वान करते हुए कहा कि 2030 के कॉमनवैल्थ गेम्स और 2036 के ओलम्पिक गेम्स भारत में करवाने के लिए पूरी तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए खिलाड़ियों को अभी से जोरदार तैयारी करनी होगी और उम्मीद जताई कि हरियाणा के खिलाड़ी हमेशा की तरह बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
मुख्यमंत्री की पीठ थपथपाई
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जींद रैली के जरिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की पीठ थपथपा गए और कहा कि हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार सबका साथ सबका विकास के मंत्र पर चल रही है और प्रदेश सरकार यहां के युवाओं, किसानों और बहन-बेटियों के लिए शानदार काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस बात का भी विशेष उल्लेख किया कि प्रदेश सरकार ने बिना खर्ची-पर्ची के युवाओं को जो नौकरी देने का रास्ता अपनाया, वह आसान नहीं था, लेकिन भाजपा सरकार ने वह करके दिखाया, जिससे प्रदेश अब तेज गति से विकास पथ पर दौड़ रहा है। खेती व उद्योग दो ऐसे पहिये हैं, जो हरियाणा को सशक्त बना रहे हैं। पहले जींद से अक्सर गैर भाजपाई विधायक बनते रहे थे, लेकिन अब पिछले कुछ समय से एनडीए व भाजपा के विधायक चुने जाने पर भी नरेन्द्र मोदी काफी गद्गद् नजर आए।
 प्रधानमंत्री मोदी की रैली को सफल बनाने के लिए जहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने काफी मेहनत की, वहीं जींद के साथ लगते करीब 27 विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी विधायकों, मंत्रियों, पूर्व विधायकों, सांसदों व पार्टी नेताओं ने पूरी ताकत झोंक रखी थी। उस मेहनत का नतीजा भी नजर आया और रैली हर लिहाज से सफल रही।

-मो.-9855465946

#प्रभावशाली रहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हरियाणा दौरा