ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026: पैरा पावरलिफ्टिंग में झंडू कुमार ने जीता कांस्य पदक
नई दिल्ली, 26 जुलाई- ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 की पैरा पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में बिहार के झंडू कुमार ने कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। पुरुषों के हेवीवेट वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने 130.9 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इस प्रतियोगिता में नाइजीरिया के रिलुवान इदरीस ने 132.8 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि इंग्लैंड के मैथ्यू हार्डिंग ने 131.0 अंकों के साथ रजत पदक अपने नाम किया। झंडू कुमार स्वर्ण और रजत पदक से बेहद मामूली अंतर से चूक गए, लेकिन उनकी उपलब्धि को ऐतिहासिक माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से झंडू कुमार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनकी अटूट ताकत, दृढ़ संकल्प और वर्षों की अनुशासित मेहनत का परिणाम है।
बिहार के नालंदा जिले के हरनौत गांव के रहने वाले झंडू कुमार को पांच वर्ष की उम्र में पोलियो हो गया था। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने अपने हौसले को कभी कमजोर नहीं पड़ने दिया। कठिन परिश्रम और लगन के दम पर उन्होंने पैरा पावरलिफ्टिंग में यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की और आज वे देश के युवाओं तथा दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन गए हैं।

