जम्मू: अमरनाथ यात्रियों की बस खाई में गिरी, 10 से अधिक श्रद्धालु घायल; राहत-बचाव अभियान जारी

जम्मू, 28 जुलाई - जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस मंगलवार को हादसे का शिकार हो गई। गुंड के हरिगनीवान इलाके में 'एस-मोड़' के पास बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गई। हादसे में 10 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही गुंड पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया।

थाना प्रभारी रईस अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत कार्य के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और बचाव दल भी मौके पर तैनात किए गए।

घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

 
#जम्मू: अमरनाथ यात्रियों की बस खाई में गिरी
# 10 से अधिक श्रद्धालु घायल; राहत-बचाव अभियान जारी