राष्ट्रमंडल खेल 2026: शर्मिला धनखड़ ने महिला शॉट पुट F57 में जीता स्वर्ण पदक

ग्लासगो, 28 जुलाई – राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत के लिए पांचवां दिन अब तक का सबसे शानदार दिन रहा। पांचवें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 6 पदक अपने नाम किए। इसकी अगुवाई शर्मिला धनखड़ ने महिला शॉट पुट F57 स्पर्धा में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतकर की। वहीं ज्ञानेश्वरी यादव, सर्वेश कुशारे और वल्लूरी अजय बाबू ने रजत पदक, जबकि बिंदियारानी देवी और शिल्पा के. शायला ने कांस्य पदक जीते। इसके साथ ही भारत के कुल पदकों की संख्या 10 हो गई।

दिन का सबसे यादगार पल पैरा एथलेटिक्स में देखने को मिला, जहां शर्मिला धनखड़ ने महिला शॉट पुट F57 स्पर्धा में 9.81 मीटर का सीजन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। खेल चैनलों के अनुसार वह पैरा एथलेटिक्स में राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली खिलाड़ी बन गई हैं।

भारत की खुशी तब और दोगुनी हो गई जब नाइजीरिया की यूचारिया इयाजी के अयोग्य घोषित होने के बाद शिल्पा के. शायला चौथे स्थान से आगे बढ़कर कांस्य पदक की हकदार बन गईं। इससे भारत को ग्लासगो खेलों में पहला डबल पोडियम फिनिश मिला। घाना की जिनाबू इसाह ने 8.65 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ रजत पदक जीता।

भारतीय एथलेटिक्स को एक और सफलता राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी सर्वेश कुशारे ने दिलाई। उन्होंने पुरुषों की हाई जंप स्पर्धा में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों की हाई जंप में रजत पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए।

 
#राष्ट्रमंडल खेल 2026: शर्मिला धनखड़ ने महिला शॉट पुट F57 में जीता स्वर्ण पदक