एनडीए सांसदों ने संसद परिसर में किया प्रदर्शन
नई दिल्ली, 11 अगस्त : एनडीए सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने विपक्ष पर झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ हाल की कथित पुलिस कार्रवाई पर बहस से बचने और बार-बार सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन में शामिल भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को संसद में रहना चाहिए और झारखंड में छात्रों के खिलाफ हुई कथित 'बर्बरता' पर सवालों का जवाब देना चाहिए। मनोज तिवारी ने प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए कहा, अमित शाह जी जवाब देंगे। राहुल गांधी, भागिए मत। राहुल गांधी, आप पर शर्म आती है। झारखंड में छात्रों के खिलाफ हुई बर्बरता पर जवाब दीजिए।
एनडीए सांसदों ने प्रदर्शन के दौरान हाथों में पोस्टर भी लिए हुए थे। इन पोस्टरों में राहुल गांधी से जवाब देने की मांग की गई थी। साथ ही, झारखंड में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज का मुद्दा भी उठाया गया। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा, जिस तरह झारखंड में पुलिस ने लाठीचार्ज किया और पानी की बौछारें कीं, लेकिन आज वे इस मुद्दे पर चुप हैं? यहां हंगामा हो रहा है। आज अपनी चुप्पी के जरिए वे देश के सामने बेनकाब हो रहे हैं।
भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने कहा, जब झारखंड में छात्रों पर लाठीचार्ज हुआ, तब राहुल गांधी चुप हैं। उनकी चुप्पी की वजह क्या है? हम उनसे जवाब देने की अपील करते हैं।

