मानवीय आधार पर हवारा की पैरोल की सिफारिश : गुलाब चंद कटारिया

चंडीगढ़, 13 अगस्त  पंजाब के गवर्नर गुलाब चंद कटारिया ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे जगतार सिंह हवारा की पैरोल के लिए सिफारिश की है, ताकि वह अपनी बीमार मां से मिल सके।
कटारिया का यह बयान मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा हवारा को पैरोल दिलाने के लिए उनके दखल की मांग करने के एक दिन बाद आया है।
कटारिया ने यहां 'हर घर तिरंगा-वॉकथॉन' के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "उसकी (हवारा) मां बीमार है। हमने मानवीय आधार पर उस मामले की सिफारिश की है।"
मान ने बुधवार को मानवीय आधार पर हवारा की पैरोल का समर्थन करते हुए कहा था कि उसकी बीमार मां को 31 साल बाद अपने बेटे से मिलने की "नई उम्मीद" जगी है।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि कटारिया, जो चंडीगढ़ के प्रशासक भी हैं, ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि वह इस मामले को केंद्रीय गृह सचिव के सामने उठाएंगे।
मान ने इससे पहले कटारिया को पत्र लिखकर मानवीय आधार पर हवारा के लिए 10 दिन की पैरोल की सिफारिश की थी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू, जो बेअंत सिंह के पोते हैं, ने भी मानवीय आधार पर पैरोल की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि हवारा की बुजुर्ग और बीमार मां को अपने बेटे के कामों के लिए परेशान नहीं होना चाहिए।

समाज को आगे बढ़ाने में करुणा, मानवता और शांति का मार्गदर्शन होना चाहिए:रवनीत सिंह बिट्टू
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने उम्मीद जताई कि संबंधित अधिकारी मामले पर जल्द विचार करेंगे और कानून के अनुसार उचित फैसला लेंगे।
बिट्टू ने फिर कहा कि हालांकि उनका परिवार हमेशा बेअंत सिंह के सर्वोच्च बलिदान का सम्मान करेगा, लेकिन उनका यह भी मानना ​​है कि समाज को आगे बढ़ाने में करुणा, मानवता और शांति का मार्गदर्शन होना चाहिए।

#गुलाब चंद कटारिया