फिरोजपुर मंडल में उत्साहपूर्वक मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
फिरोजपुर, 15 अगस्त (राकेश चावला): उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, फिरोजपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह का शुभारंभ किया।
राष्ट्रीय ध्वजारोहण से पूर्व राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्’ तथा ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान गाया गया। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत कर तिरंगे को सलामी दी।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार ने रेल अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने फिरोजपुर मंडल की विभिन्न उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी साझा की।
समारोह के दौरान स्काउट एवं गाइड तथा बाल निकेतन विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बाल निकेतन विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद मंडल की सांस्कृतिक टीम द्वारा आजादी की भावना पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।

