शिमला में स्वतंत्रता दिवस का जिलास्तरीय समारोह, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने की अध्यक्षता

 

 

शिमला, 15 अगस्त शिमला में स्वतंत्रता दिवस का जिलास्तरीय समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे राष्ट्रीय महत्व पर्व बताते हुए देश के लिए सर्वस्व बलिदान होने वाली महान विभूतियों को भी याद किया। समारोह के दौरान शिक्षा मंत्री ने परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद हिमाचल पुलिस की पुरुष और महिला जवानों की टुकड़ियों, होमगार्ड की पुरुष और महिला टुकड़ियों, यातायात पुलिस, एनसीसी बॉयज व गर्ल्स, एनएसएस बॉयज व गर्ल्स और भारत स्काउट एवं गाइड के छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट किया। हिमाचल प्रदेश पुलिस बैंड और हिमाचल प्रदेश गृह रक्षक बैंड ने भी मार्च पास्ट में हिस्सा लिया।समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। राजकीय कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने किन्नौरी नृत्य, राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय कोटशेरा के विद्यार्थियों ने हिमाचली नाटी, नृत्य कला केंद्र शोघी ने सोलन का गिद्दा और डाइट शामलाघाट ने नाटी नृत्य प्रस्तुत किया। संभोता तिब्बतन विद्यालय छोटा शिमला के छात्रों ने याक नृत्य और जवाहर लाल नेहरू राजकीय फाइन आर्ट महाविद्यालय शिमला के विद्यार्थियों ने देशभक्ति आधारित गायन और नृत्य प्रस्तुत किया।

 

#शिमला