वसीयत में नाम न होने की रंजिश में लड़की के भाई ने जीजा की ह.त्या की

एस. ए. एस. नगर, 19 अगस्त (कपिल वधवा) - सेक्टर-87 में मंगलवार देर शाम वसीयत में नाम न होने की रंजिश को लेकर एक व्यक्ति द्वारा अपने जीजा पर कथित तौर पर चाकू और रॉड से हमला कर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अमनदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि हत्या के बाद आरोपी प्रदीप सिंह और उसका साथी मौके से फरार हो गए।

पुलिस को दिए बयान में मृतक की पत्नी रमनदीप कौर, जो सेक्टर-66 की रहने वाली है, ने बताया कि उसके पिता की मौत के बाद परिवार की जमीन-जायदाद उसकी मां स्वर्णजीत कौर के नाम हो गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसकी मां ने उसे अपनी संपत्ति का वारिस बनाया हुआ था, जबकि उसके भाई प्रदीप सिंह को वारिस नहीं बनाया गया था।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि प्रदीप सिंह इस बात को लेकर रंजिश रखता था। सेक्टर-87 में स्वर्णजीत कौर के नाम पर करीब दो कनाल जमीन है, जहां शिकायतकर्ता के पति अमनदीप सिंह ने प्रॉपर्टी का कार्यालय और फार्म हाउस बनाया हुआ था।

रमनदीप कौर के अनुसार, 18 अगस्त की शाम उसका भाई प्रदीप सिंह अपने एक दोस्त के साथ सेक्टर-87 स्थित कार्यालय में आया। दोनों ने अमनदीप सिंह के साथ वसीयत में प्रदीप का नाम न होने को लेकर बहस शुरू कर दी। इसके बाद प्रदीप सिंह ने अपने पास रखे चाकू से अमनदीप सिंह पर हमला कर दिया।

बयान के मुताबिक, जान बचाने के लिए अमनदीप सिंह कार्यालय के पिछले हिस्से की ओर भागा, लेकिन प्रदीप सिंह और उसके साथी ने उसे पकड़ लिया। दोनों ने उस पर हमला करते हुए चाकू से गर्दन और शरीर पर वार किए। इस दौरान प्रदीप के साथी द्वारा कथित तौर पर हाथ में पकड़ी रॉड से अमनदीप सिंह के सिर और छाती पर भी वार किए गए।

घायल अमनदीप सिंह को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए कार्रवाई जारी है।

#वसीयत में नाम न होने की रंजिश में लड़की के भाई ने जीजा की हत्या की