बंद के आह्वान का लुधियाना में मिला-जुला असर देखने को मिला
लुधियाना, 21 अगस्त - बंद के आह्वान का लुधियाना में मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई निजी स्कूलों ने छुट्टी घोषित कर दी, जबकि कुछ स्कूल और कॉलेज सामान्य रूप से खुले हैं। सरकारी स्कूलों में भी विद्यार्थियों की उपस्थिति रोजाना के मुकाबले काफी कम रही। कई अभिभावकों ने एहतियातन बच्चों को स्कूल भेजने से परहेज किया।
बंद के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। घंटाघर, चौड़ा बाजार और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की टीमें लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं। दूसरी ओर, शहर के प्रमुख मार्गों पर फिलहाल जनजीवन सामान्य नजर आ रहा है। प्रशासन और पुलिस की ओर से पहले ही सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मी हालात पर नजर रख रहे हैं।

