हिमाचल में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, शिमला समेत कई जिलों में महसूस हुई कंपन
शिमला, 26 अगस्त - हिमाचल प्रदेश में बुधवार सुबह तड़के भूकंप के झटकों से लोग सहम गए। सुबह 5 बजकर 46 मिनट पर महसूस किए गए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.0 दर्ज की गई। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप का केंद्र शिमला से करीब 66 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण दिशा में जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था।
भूकंप के झटके करीब तीन सेकेंड तक महसूस किए गए। अचानक धरती हिलने से कई लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और खुले स्थानों पर पहुंच गए। कंपन थमने के कुछ देर बाद लोग वापस अपने घरों में लौटे।
शिमला के अलावा सोलन, सिरमौर, बिलासपुर और मंडी के कई इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए जाने की सूचना है। फिलहाल भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
भूकंप का केंद्र शिमला के पूर्व-दक्षिण में होने के कारण जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र की दिशा में बताया जा रहा है। हिमाचल पहले से ही भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील राज्यों में शामिल है। प्रदेश के कई हिस्से भूकंप के उच्च जोखिम वाले जोन-4 और जोन-5 में आते हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक 5.0 से कम तीव्रता के भूकंपों से आमतौर पर बड़े स्तर पर नुकसान की संभावना कम रहती है, हालांकि स्थानीय परिस्थितियों और भूकंप की गहराई के आधार पर असर अलग-अलग हो सकता है। भूकंप की तीव्रता बढ़ने के साथ नुकसान का खतरा भी बढ़ता जाता है।

