बिलासपुर में टला बड़ा विमान हादसा, लैंडिंग पर फटा टायर

बिलासपुर, 28 अगस्त - छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से बिलासपुर पहुंची एलायंस एयर की फ्लाइट 9I613 के लैंडिंग के दौरान एक टायर पंक्चर हो गया। हालांकि पायलट की सूझबूझ और एयरपोर्ट की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया। विमान में सवार सभी 37 यात्री और 4 क्रू मेंबर समेत 41 लोग सुरक्षित हैं।
 
अधिकारियों के मुताबिक, फ्लाइट ने शुक्रवार सुबह दिल्ली से उड़ान भरी थी। करीब 11 बजे बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान के बाईं ओर का टायर अचानक फट गया। घटना के बाद एयरपोर्ट पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय कर दी गई।
विमान के रुकने के बाद सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालकर रनवे से टर्मिनल भवन पहुंचाया गया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
टायर फटने की घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। सुरक्षा कारणों से इसी विमान से बिलासपुर से आगे संचालित होने वाली उड़ान को रद्द कर दिया गया। विमान में आई तकनीकी खराबी की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

#बिलासपुर
# विमान
# लैंडिंग