बरेली: महापौर के रक्षाबंधन कार्यक्रम में भारी भीड़ से फैली अव्यवस्था

बरेली, 27 अगस्त - बरेली में बृहस्पतिवार को आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में भारी अव्यवस्था फैल गई। महापौर उमेश गौतम और पार्थ गौतम फाउंडेशन के अध्यक्ष पार्थ गौतम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं की अत्यधिक भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ में घुटन के कारण कई महिलाएं और बच्चे बेहोश हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। 
कार्यक्रम के मंच से लगातार बच्चों के गायब होने की घोषणाएं की जा रही थीं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए बसें थीं, लेकिन घर वापसी के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। भीड़ बढ़ने के कारण बरेली क्लब जाने वाली सभी सड़कों पर लंबा जाम लग गया। 
सूचना मिलने पर सीओ प्रथम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में महिलाओं को साड़ियां बांटी जा रही थीं, जिससे भीड़ और बढ़ गई। 40 वर्षीय रेखा भी साड़ी लेने पहुंची थीं और गर्मी के कारण बेहोश होकर गिर पड़ीं। उन्हें 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।
 

#बरेली
# रक्षाबंधन