रक्षाबंधन पर पीएम ने बच्चों संग बिताए खूबसूरत पल
नई दिल्ली, 28 अगस्त - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने आवास 7, लोक कल्याण मार्ग में स्कूली बच्चों के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ हंसी-मजाक, हाई-फाइव और बातचीत की। पीएम मोदी ने बच्चों के साथ विशेष रक्षा बंधन समारोह की झलकियां भी शेयर की हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वे छात्राओं के साथ हाई फाइव करते और हाथ मिलाते हुए नजर आए। उन्होंने लिखा, "आज 7, लोक कल्याण मार्ग (प्रधानमंत्री आवास) में रक्षाबंधन समारोह के दौरान हाई-फाइव, मुस्कानें और भी बहुत कुछ। वीडियो में प्रधानमंत्री को बच्चों से बातचीत करते और गर्मजोशी से उनका अभिवादन करते देखा जा सकता है। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद भी दिया और रक्षाबंधन समारोह के दौरान उनके साथ समय बिताया।
बातचीत के दौरान एक बच्ची ने पीएम मोदी से उनके बचपन के सपने के बारे में पूछा। बच्ची ने पूछा, 'आपका बचपन का सपना'। इस पर पीएम मोदी ने जवाब दिया और कहा, "आप लोगों से मिलने का।" इसके बाद सभी छात्राएं हंसने लगीं। इसके साथ एक बच्ची पीएम मोदी को उनके जन्मदिन की अग्रिम बधाई देती नजर आई। वहीं एक लड़की से पीएम खाने की रुचि के बारे में पूछते नजर आए। इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "रक्षाबंधन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में खुशहाली, समृद्धि और सफलता लेकर आए। स्नेह, अपनत्व और आपसी विश्वास की डोर सदैव अटूट बनी रहे, यही कामना है।





