दिल्ली-जयपुर हाईवे पर 8 किमी तक लगी वाहनों की कतार, गाजियाबाद में भी थमी रफ्तार

नई दिल्ली, 27 अगस्त - रक्षाबंधन की पूर्व संध्या बृहस्पतिवार शाम को घर जाने वालों की भीड़ से जगह-जगह भीषण जमा लगा। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर करीब आठ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। गाजियाबाद में भी रफ्तार थमी। एनएच-नौ पर लालकुआं से डासना तक भयंकर जाम लगा रहा। यहां का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वाहनों की कतार का अंत ही नहीं नजर आ रहा है।
गाजियाबाद में डायवर्जन के बावजूद बृहस्पतिवार को एनएच-9 पर भारी वाहनों की आवाजाही जारी रही। इससे हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन गई। डासना, लालकुआं और सेक्टर-62 के पास वाहन रेंगते नजर आए। वेव सिटी के आगे एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही।
यातायात पुलिस ने रक्षाबंधन को देखते हुए 26 अगस्त से 28 अगस्त की रात तक एनएच-9 पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई है। इन वाहनों को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट करने की व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद बृहस्पतिवार सुबह कई भारी वाहन एनएच-9 पर पहुंच गए। डायवर्जन के पालन में लापरवाही से हाईवे पर वाहनों का दबाव और बढ़ गया।

#दिल्ली-जयपुर
# हाईवे