सेक्टर-25/26 में वाटर पंप पर लूट, चौकीदार को बांधकर मोटरों की तारें ले गए बदमाश

पंचकूला, 27 अगस्त (कपिल) - सेक्टर-25/26 के पास देर रात वाटर सप्लाई पंप पर तीन-चार अज्ञात लोगों ने धावा बोलकर चौकीदार से मारपीट की और बिजली की तारें काटकर अपने साथ ले गए। वारदात के कारण मोटरें बंद हो गईं, जिससे इलाके में पानी की सप्लाई प्रभावित हो गई।
जानकारी के अनुसार, देर रात अज्ञात आरोपी वाटर सप्लाई पंप के अंदर दाखिल हुए और वहां तैनात चौकीदार गोविंद बेनीवाल, निवासी सेक्टर-26, के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उसे चारपाई से बांध दिया और मोटरों को चलाने वाली बिजली की सभी तारें काटकर अपने साथ ले गए।
सुबह ड्यूटी पर पहुंचे पेट्रोलमैन आकाश और की-मैन संजू ने पंप के अंदर जाकर देखा तो गोविंद चारपाई से बंधा हुआ था। उसके सिर पर चोट लगी हुई थी। उन्होंने पंप की मोटरों की बिजली की तारें भी कटी हुई पाईं।
घटना की सूचना तुरंत डायल-112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल चौकीदार को उपचार के लिए सेक्टर-6 स्थित अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं, बिजली की तारें कटने से बंद हुई मोटरों के कारण इलाके में पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई।

#सेक्टर
# वाटर पंप
# चौकीदार