पिंजौर बुटीक हत्याकांड का खुला राज, चैट से बेनकाब हुई साजिश, पति गिरफ्तार
पंचकूला, 27 अगस्त (कपिल) - पिंजौर में बुटीक संचालिका रजिंदर कौर की गला काटकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की साजिश करीब 15 दिन पहले रची गई थी। अफेयर से संबंधित चैट ने पुलिस को हत्या के राज तक पहुंचने में अहम सुराग दिया।
उल्लेखनीय है कि 26 अगस्त को पिंजौर के रौनक होटल के सामने वाली गली में स्थित बुटीक में रजिंदर कौर पर जानलेवा हमला किया गया था। महिला का गला कटा हुआ था। घायल अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक व्यक्ति बुटीक के अंदर दाखिल होता और कुछ समय बाद बाहर निकलकर शटर बंद करता दिखाई दिया। इसके बाद रजिंदर कौर ने घायल अवस्था में खुद शटर खोलने का प्रयास किया। फुटेज में वह तड़पती हुई भी दिखाई दी।
पुलिस को मौके से महिला की एक डायरी भी मिली थी। इसमें कथित तौर पर उसने अपने पति को हमले के लिए जिम्मेदार बताते हुए मदद की गुहार लिखी थी। डायरी में सास, ननदों प्रीति और नीतू तथा देवर का भी जिक्र होने की जानकारी सामने आई है। बताया गया है कि महिला का अपने पति के साथ विवाद चल रहा था।
पुलिस जांच के दौरान सामने आई अफेयर से संबंधित चैट की जांच की गई। इससे हत्या की साजिश से जुड़े अहम सुराग मिले। पुलिस के मुताबिक हत्या की योजना करीब 15 दिन पहले बनाई गई थी। चैट और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के पीछे असल कारण, साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार संबंधी जानकारी जुटा रही है।

