नेपाल: तबाही के बीच एक और झील टूटने का खतरा; चीन ने दी चेतावनी, कहा- अगले 72 घंटे अहम
काठमांडो/बीजिंग - नेपाल में भीषण बाढ़ से मची तबाही के बीच एक और बड़े खतरे की चेतावनी सामने आई है। चीन के जल संसाधन मंत्रालय के अनुसार, नेपाल में छोछेन खोला और पुरेपू त्सांगपो नदियों के संगम के पास करीब 20 लाख घन मीटर पानी वाली एक बड़ी झील बन गई है। झील पहले ही छलकने लगी है और अगले तीन दिनों में इसमें करीब 30 लाख घन मीटर और पानी आने का अनुमान है।
नई झील के टूटने का खतरा कितना बड़ा?
चीन के जल संसाधन मंत्रालय ने झील के प्राकृतिक बांध के टूटने की आशंका को गंभीर बताया है। चेतावनी के अनुसार अगले 72 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं। पानी लगातार बढ़ने से प्राकृतिक बांध पर दबाव बढ़ सकता है। अगर यह बांध टूटता है तो जमा पानी अचानक नीचे की ओर बह सकता है और पहले से बाढ़ की मार झेल रहे इलाकों में स्थिति और खराब हो सकती है।

