पिंजौर में नाले के पुल से महिला ने लगाई छलांग, पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला
पिंजौर, 4 अक्टूबर (कुलवंत शर्मा)- पिंजौर की रत्तपुर कॉलोनी के समीप नाले के ऊपर बने पुल से एक महिला के नीचे गिरने की घटना सामने आई है। महिला की पहचान सुनीता, पत्नी रामप्रसाद, उम्र करीब 45 वर्ष, के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुनीता और उसके पति रामप्रसाद के बीच बीती रात किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी। सुबह सुनीता काम के लिए घर से चली गई। काम से लौटते समय रामप्रसाद भी उसके पीछे-पीछे आ रहे थे। इसी दौरान रत्तपुर कॉलोनी स्थित नाले के पुल के पास सुनीता अचानक नीचे गिर गई।
घटना के बाद रामप्रसाद भी नाले में उतर गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही ERV-521 की टीम और तीन राइडर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला को नाले से बाहर निकाला।
इसके बाद सुनीता को उपचार के लिए पिंजौर अर्बन पॉलीक्लिनिक सेंटर ले जाया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, महिला की बाजू में फ्रैक्चर हुआ है और घटना के बाद वह बेसुध हालत में थी। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए सेक्टर-6 पंचकूला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और घटना के संबंध में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

