लॉस एंजिल्स के स्ट्रिप मॉल में अंधाधुंध गोलीबारी, 2 युवाओं की मौ/त

अमेरिका, 4 अक्टूबर - अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य स्थित लॉस एंजिल्स से एक भीषण गोलीबारी की घटना सामने आई है। कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी, नॉर्थ्रिज से महज कुछ ही दूरी पर स्थित एक लोकप्रिय शॉपिंग सेंटर में हुई गोलीबारी में कम से कम दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हरकत में आई लॉस एंजिल्स पुलिस विभाग ने इलाके की घेराबंदी कर दर्जनों संदिग्धों और प्रत्यक्षदर्शियों को हिरासत में लिया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार यह दर्दनाक वारदात शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे के आसपास 'यूनिवर्सिटी प्लाजा' नाम के स्ट्रिप मॉल में घटी। पुलिस को सबसे पहले शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा होने की सूचना मिली थी। जब एलएपीडी की गश्ती टीम मौके पर पहुंची तो वहां अचानक गोलियां चलने की आवाजें गूंजने लगीं, जिससे पूरे मॉल में भगदड़ मच गई।

वहीं पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि इस गोलीबारी में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ हो सकता है जिसकी तलाश के लिए इलाके में गहन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। गोलीबारी के तुरंत बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए प्लाजा स्थित एक इमारत को चारों तरफ से घेर लिया। 

घटना के समय पास ही स्थित एक लाउंज के अंदर मौजूद कई लोगों समेत दर्जनों युवाओं को हिरासत में लिया गया है। पुलिस टीम सभी हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि मुख्य हमलावर और गोलीबारी की असल वजह का पता लगाया जा सके। फिलहाल पूरे यूनिवर्सिटी प्लाजा क्षेत्र को सील कर दिया गया है।
 

#Los Angeles
# Strip Mall Shooting
# 2 Dead
# Dozens Detained