सऊदी अरब में अरामको रिफाइनरी पर हमला! हूती विद्रोहियों का दावा, उठा धुएं का गुबार

रियाद, 4 अक्टूबर - यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित तेल दिग्गज कंपनी 'अरामको' की एक महत्वपूर्ण सुविधा को निशाना बनाने का बड़ा दावा किया है। हूती सैन्य प्रवक्ता के अनुसार इस हमले को अंजाम देने के लिए बैलिस्टिक मिसाइलों और विस्फोटक ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। विद्रोहियों ने कहा कि यह कार्रवाई राजधानी सना और यमन के अन्य इलाकों पर सऊदी नीत गठबंधन सेना द्वारा किए गए हवाई हमलों के जवाब में की गई है।

चश्मदीदों के अनुसार रियाद में अरामको की सुविधा के आसपास के इलाके से आग की लपटें और भारी धुएं का गुबार उठते देखा गया है। हालांकि सऊदी अरब के प्रशासनिक या सैन्य अधिकारियों ने अभी तक इस हमले और इससे हुए संभावित नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सुरक्षा एजेंसियां इलाके की घेराबंदी कर स्थिति का आकलन कर रही हैं।

#सऊदी अरब
# अरामको रिफाइनरी
# हमला
# हूती विद्रोहियों