अल्बर्टा सरकार ने गैर-कानूनी कूड़ा डंपिंग करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए 1 मिलियन डॉलर तक के जुर्माने का रखा प्रस्ताव

कैलगरी, 1 अक्टूबर (जसजीत सिंह धामी)- अल्बर्टा प्रांत की मुख्यमंत्री डेनियल स्मिथ ने कहा कि सरकार इस पतझड़ में सख्त सजा के लिए प्रस्ताव पेश करेगी। अल्बर्टा सरकार गैर-कानूनी कूड़ा डंपिंग को लेकर चिंताओं को दूर करने के लिए कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि प्रांत इस पतझड़ में गैर-कानूनी डंपिंग के लिए जुर्माने बढ़ाने को लेकर कानून पेश करेगा, जिसमें व्यक्तियों के लिए 10 हजार डॉलर से 1 लाख डॉलर तक और कॉरपोरेशनों के लिए 1 लाख डॉलर से लेकर 1 मिलियन डॉलर तक के जुर्माने का प्रावधान होगा। ये बदलाव अदालतों को गैर-कानूनी डंपिंग के लिए न्यूनतम 30 दिन से लेकर छह महीने तक की जेल की सजा देने की अनुमति भी देंगे।

मुख्यमंत्री डेनियल स्मिथ ने पत्रकारों को बताया कि कूड़े और मलबे की गैर-कानूनी डंपिंग जमीन मालिकों और स्थानीय सरकारों के लिए गंभीर समस्याएं पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि अक्सर गैर-जिम्मेदार लोग हमारी सड़कों, सार्वजनिक जमीनों और ग्रामीण समुदायों में अपना कूड़ा फेंक रहे हैं, जिससे किसानों, नगर पालिकाओं और करदाताओं को गंदगी साफ करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि प्रांत के अनुसार, कैल गरी शहर को पिछले साल नगर निगम की संपत्ति पर गैर-कानूनी डंपिंग के कारण लगभग 30,000 शिकायतें और लगभग 9,000 सेवा अनुरोध प्राप्त हुए थे, जिसमें शहर ने 165 टिकट और तीन जुर्माने जारी किए थे।

नगरपालिका मामलों के मंत्री डैन विलियम्स ने कहा कि ये बदलाव उस समस्या को हल करने के लिए हैं, जो उनके अनुसार पूरे अल्बर्टा में एक आम समस्या बन गई है। उन्होंने कहा कि हम कई बार देखते हैं कि लोग आते हैं, अक्सर हमारी ग्रामीण नगरपालिकाओं के बाहर से, कूड़ा फेंकने के लिए कोई जगह तलाशते हैं और सोचते हैं कि वहां कोई नहीं रहता, जबकि हम वहां रहते हैं। उन्होंने कहा कि इन बदलावों में कूड़ा ट्रांसफर और स्टोरेज सुविधाओं की अधिक प्रांतीय निगरानी भी शामिल होगी, जो सामुदायिक परेशानी पैदा करने के उच्च जोखिम में हैं या यदि उनका ठीक से प्रबंधन नहीं किया जाता है तो इससे भी गंभीर समस्या पैदा हो सकती है।

#अल्बर्टा सरकार ने गैर-कानूनी कूड़ा डंपिंग करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए 1 मिलियन डॉलर तक के जुर्माने का रखा प्रस्ताव