Syria explosions: अलेप्पो के पास अचानक गूंजने लगी धमाकों की आवाज, 4 घायल

दमिश्क, 21 सितंबर - उत्तरी सीरिया के अलेप्पो प्रांत में अल-ईस क्षेत्र के पास स्थित एक प्रमुख सैन्य ठिकाने पर सोमवार सुबह एक के बाद एक कई जोरदार विस्फोट हुए। रिपोर्टों के अनुसार, यह हादसा सेना के एक हथियार और गोला-बारूद भंडार परिसर में हुआ है। लगातार हो रहे धमाकों से इलाके में गंभीर सुरक्षा संकट पैदा हो गया है और प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में इमरजेंसी लागू कर दी है।

राहत और बचाव कार्य में बड़ी रुकावटें, 4 लोग घायल

अलेप्पो में नागरिक सुरक्षा अभियान के प्रमुख फैसल मोहम्मद अली ने मीडिया को बताया कि बचाव दलों ने अब तक घटनास्थल से 4 गंभीर रूप से घायल लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया है। हालांकि सैन्य परिसर के भीतर रुक-रुक कर हो रहे नए धमाकों के कारण राहत टीमों, अग्निशामक वाहनों और एंबुलेंस की आवाजाही में भारी दिक्कतें आ रही हैं।

प्रशासन का सख्त निर्देश: घरों के अंदर रहें लोग

अलेप्पो के गवर्नर अज़्जाम अल-ग़रीब ने स्थानीय नागरिकों से फिलहाल घरों में ही रहने और घटनास्थल की ओर न जाने की सख्त अपील की है। खतरे को देखते हुए सुरक्षा बलों ने सैन्य ठिकाने की तरफ जाने वाली सभी मुख्य सड़कों को पूरी तरह सील कर दिया है। गवर्नर के अनुसार आसपास के सभी अस्पतालों और आपातकालीन मेडिकल टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

हादसों के पीछे की वजह अस्पष्ट, जांच जारी

फिलहाल इन भीषण धमाकों के वास्तविक कारणों (तकनीकी खराबी या बाहरी हमला) की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। सरकारी प्रसारक अल-इखबारिया के अनुसार, घटना की विस्तृत जांच जारी है। गौरतलब है कि सीरिया में गोला-बारूद भंडारों में विस्फोट की यह कोई पहली घटना नहीं है।

इससे पहले 18 सितंबर को दीर एज़-ज़ोर क्षेत्र में एक सैन्य डिपो में हुए धमाके में 11 लोगों की मौत हुई थी और 10 अन्य घायल हुए थे। फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान अलेप्पो में विस्फोटों को शांत करने और नागरिकों को सुरक्षित रखने पर केंद्रित है।
 

#Syria explosions: Aleppo
# Syria Military Base Blasts