UP Encounter: वाराणसी में मुठभेड़ के दौरान 30 लाख का इनामी नक्सली ढेर 

वाराणसी, 21 सितंबर - उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड ने रविवार तड़के एक बड़ी कार्रवाई में प्रतिबंधित नक्सली संगठन 'तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी' के शीर्ष कमांडर को मुठभेड़ में मार गिराया। मारा गया नक्सली बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता (45 वर्ष) झारखंड का रहने वाला था और उस पर 30 लाख रुपये का भारी-भरकम इनाम घोषित था। बता दें कि यह मुठभेड़ रविवार सुबह करीब 4:00 बजे रामनगर स्थित लंका मैदान के पास हुई।

एटीएस टीम को मौके से एक कार्बाइन, दो पिस्टल, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और 1 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। मुठभेड़ के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर बृजेश गंझू का एक साथी बाइक पर सवार होकर फरार होने में कामयाब रहा जिसकी तलाश में इलाके में नाकेबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मारा गया नक्सली कमांडर बृजेश गंझू झारखंड और आसपास के राज्यों में हत्या, रंगदारी और हिंसा के 44 से अधिक संगीन मामलों में वांछित था। मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। एटीएस वाराणसी यूनिट के डिप्टी एसपी (DySP) विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट में दो गोलियां लगीं। बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण दोनों अधिकारी पूरी तरह सुरक्षित बच गए और कोई हताहत नहीं हुआ।

#UP ATS Encounter
# Varanasi
# Naxal Commander
# Brijesh Ganjhu Killed