उत्तराखंड: छात्र नहीं मिले तो पौड़ी जिले में 40 स्कूलों पर लटके ताले, 32 प्राथमिक स्कूल भी हुए बंद

पौड़ी, 13 अक्टूबर - पौड़ी जिले में लगातार घटती छात्र संख्या का असर सरकारी स्कूलों पर साफ दिखाई देने लगा है। इस वित्तीय वर्ष विभिन्न विकासखंडों के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में छात्र संख्या शून्य होने के कारण जिले के 40 स्कूलों में ताले लटक गए हैं। इनमें प्राथमिक के 32 और उच्च प्राथमिक के 8 विद्यालय शामिल हैं।

शिक्षा विभाग के मुताबिक जिले में संचालित 1297 प्राथमिक विद्यालयों में से 32 ऐसे हैं जहां नए शैक्षणिक सत्र में एक भी छात्र ने प्रवेश नहीं लिया जबकि 231 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में आठ विद्यालयों में छात्र संख्या शून्य दर्ज की गई। शून्य छात्र संख्या वाले विद्यालयों को बंद करने की प्रक्रिया छात्र संख्या शून्य होने के आधार पर ही की जा रही है।
प्राथमिक विद्यालयों में सबसे ज्यादा पांच स्कूल बीरोंखाल ब्लॉक में बंद हुए। जबकि पौड़ी व यमकेश्वर में चार- चार और एकेश्वर, द्वारीखाल, कोट, कल्जीखाल, थलीसैंण, पाबौ, पोखड़ा, दुगड्डा में दो-दो और खिर्सू, जयहरीखाल व नैनीडांडा में एक - एक स्कूल बंद हुए। वहीं उच्च प्राथमिक स्तर पर एकेश्वर, यमकेश्वर, कल्जीखाल, रिखणीखाल, थलीसैंण, पाबौ, पौड़ी और जयहरीखाल विकासखंडों में एक -एक स्कूल बंद हुए।

#उत्तराखंड
# छात्र