त्योहारों पर रेलवे का तोहफा, अमृतसर-छपरा और छेहरटा-मुजफ्फरपुर के बीच चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

फिरोज़पुर, 13 अक्टूबर (राकेश चावला)- आगामी त्योहारों के मद्देनजर रेल यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने अमृतसर-छपरा-अमृतसर और छेहरटा-मुजफ्फरपुर-छेहरटा के बीच आरक्षित त्योहार स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इन ट्रेनों के संचालन से त्योहारों के दौरान यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

1. अमृतसर-छपरा-अमृतसर आरक्षित त्योहार स्पेशल एक्सप्रेस

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 04638 अमृतसर-छपरा त्योहार स्पेशल 19 अक्टूबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को कुल 7 फेरों के लिए चलेगी। यह ट्रेन अमृतसर से शाम 7:40 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 8:45 बजे छपरा पहुंचेगी।

वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 04637 छपरा-अमृतसर त्योहार स्पेशल 20 अक्टूबर 2026 से 1 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को संचालित होगी। यह ट्रेन छपरा से रात 10:15 बजे रवाना होकर तीसरे दिन रात 12:20 बजे अमृतसर पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव: ब्यास, जालंधर सिटी, फगवाड़ा, ढंडारी कलां, सरहिंद, राजपुरा, अंबाला छावनी, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, पडरौना, तमकुही रोड, थावे, सीवान और एकमा। इन सभी स्टेशनों पर ट्रेन दोनों दिशाओं में रुकेगी।

2. छेहरटा-मुजफ्फरपुर-छेहरटा आरक्षित त्योहार स्पेशल एक्सप्रेस

ट्रेन संख्या 04640 छेहरटा-मुजफ्फरपुर त्योहार स्पेशल 19 अक्टूबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी। यह ट्रेन छेहरटा से सुबह 8:35 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1:10 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 04639 मुजफ्फरपुर-छेहरटा त्योहार स्पेशल 20 अक्टूबर 2026 से 1 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को संचालित होगी। यह ट्रेन मुजफ्फरपुर से शाम 4 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 9:30 बजे छेहरटा पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव: अमृतसर, ब्यास, जालंधर सिटी, लुधियाना, सरहिंद, राजपुरा, अंबाला छावनी, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, सिसवा, पनियहवा, बगहा, नरकटियागंज, बेतिया और सगौली। इन स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहराव रहेगा।

रेलवे के इस फैसले से त्योहारों के दौरान पंजाब और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय, ठहराव और आरक्षण से संबंधित जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य जांच लें।

#त्योहारों पर रेलवे का तोहफा
# अमृतसर-छपरा और छेहरटा-मुजफ्फरपुर के बीच चलेंगी स्पेशल ट्रेनें