गोली मारकर किया घायल, अज्ञात हमलावरों की तलाश
गुरु हरसहाय (फिरोजपुर), 19 अगस्त (कपिल कंधारी) - गोलू का में आज रात करीब 8 बजे एक व्यक्ति को अज्ञात लोगों द्वारा गोली मारकर घायल करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गोलू का निवासी सतपाल, जो मोहन के से गोलू का वापस आ रहे थे, जब अपनी दुकान के बाहर पहुंचे तो पीछे से आ रहे कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर लगातार तीन फायर किए। इनमें से एक गोली सतपाल की टांग में जा लगी, जिससे वह घायल हो गए।
घटना के बाद घायल सतपाल को तुरंत गुरु हरसहाय के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया, जहां मौजूद कर्मचारियों द्वारा प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज फरीदकोट रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना गुरु हरसहाय की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा घटना से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है और हमलावरों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल गोली चलाने वाले व्यक्ति कौन थे और उन्होंने सतपाल पर हमला क्यों किया, इस बारे में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना के असली कारणों और हमलावरों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

