मध्यप्रदेश: नवरात्रि में लाड़ली बहनों को मिलेगा तोहफा, 14 अक्तूबर को खाते में आएंगे 1500 रुपये
भोपाल, 13 अक्टूबर - मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए 14 अक्तूबर का दिन खास होगा। नवरात्रि के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त जारी करेंगे। उमरिया जिले के गुरुवाही गांव में आयोजित कार्यक्रम में सिंगल क्लिक से करीब 1.25 करोड़ पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1500-1500 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना, उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में निरंतर सुधार करना तथा परिवार के निर्णयों में उनकी भूमिका को सशक्त करना है।
लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र सामान्य महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जा रहे हैं। वहीं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वाली पात्र महिलाओं को योजना के नियमों के अनुसार हर महीने 900 रुपये की सहायता मिलती है। राशि सीधे आधार से जुड़े और डीबीटी सक्रिय बैंक खातों में भेजी जाती है। जून 2023 में योजना की पहली किस्त जारी हुई थी। सितंबर 2026 तक 40 किस्तें दी जा चुकी हैं। अब 14 अक्तूबर को 41वीं किस्त जारी होगी। इसके अलावा अगस्त 2023, 2024, 2025 और 2026 में महिलाओं को चार बार 250-250 रुपये की अतिरिक्त सहायता भी दी गई थी। वित्तीय वर्ष 2026-27 में योजना के लिए 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।

