घुबाया पुलिस ने 3 मैगजीन और दो जिंदा कारतूस किए बरामद
मंडी घुबाया (फिरोजपुर), 5 सितंबर (अमन बवेजा) - सीमावर्ती क्षेत्र में पिछले लंबे समय से जहां सीमा पार से नशा तस्करी की घटनाएं सामने आ रही हैं, वहीं अवैध हथियारों की सप्लाई भी की जा रही है। थाना घुबाया पुलिस ने एक कच्चे रास्ते से मैगजीन और कारतूस बरामद किए हैं।
जानकारी देते हुए चौकी घुबाया के प्रभारी अभिषेक शर्मा ने बताया कि पुलिस पार्टी गश्त के दौरान जब गांव चक खीवा के पास पहुंची तो सूचना मिली कि श्मशानघाट को जाने वाले कच्चे रास्ते पर रघुबीर सिंह पुत्र राजिंदर सिंह निवासी गांव चक खीवा के खेत में संदिग्ध हालत में एक लिफाफा पड़ा हुआ है।
पुलिस ने जब इस लिफाफे को कब्जे में लेकर इसकी जांच की तो इसमें से 3 मैगजीन 9 एम.एम. मेड इन ऑस्ट्रिया और 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा इस मामले की जांच की जा रही है कि ये मैगजीन और कारतूस सीमावर्ती क्षेत्र में कहां से और कैसे पहुंचे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में चौकी घुबाया में मामला दर्ज कर लिया गया है।

