दिन-दहाड़े दुकान पर चली गोलियां, इलाके में दहशत का माहौल

जीरा (फिरोजपुर), 13 सितंबर (प्रताप सिंह हीरा) - जीरा-तलवंडी रोड पर आज दोपहर उस समय भारी दहशत फैल गई, जब मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों द्वारा एक दुकान पर सरेआम फायरिंग कर दी गई।

घटना संबंधी जानकारी देते हुए दुकान मालिक अमन जैन पुत्र वरिंदर जैन ने बताया कि दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान तलवंडी भाई की ओर से एक मोटरसाइकिल पर दो अज्ञात युवक आए, जिन्होंने दुकान के बाहर लगे शीशों पर सीधे गोलियां चला दीं और वारदात को अंजाम देने के बाद वापस तलवंडी भाई की ओर ही फरार हो गए। पीड़ित दुकानदार के अनुसार उन्हें पहले किसी प्रकार का कोई फिरौती या धमकी भरा फोन नहीं आया था। दिन-दहाड़े हुई इस घटना के कारण शहरवासियों और दुकानदारों में भारी सहम का माहौल पाया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि जिस जगह यह गोलीबारी हुई, उसके बिल्कुल नजदीक स्थित दाना मंडी जीरा में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) द्वारा पंजाब स्तर का बड़ा कार्यक्रम करवाया जा रहा था, जिसमें पंजाब और केंद्रीय स्तर के वरिष्ठ नेता रैली को संबोधित कर रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी जीरा के एस.एच.ओ. जसविंदर सिंह बराड़ पुलिस पार्टी सहित तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोल बरामद कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

#दिन-दहाड़े दुकान पर चली गोलियां
# इलाके में दहशत का माहौल