जीरा में कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री का काले झंडों से विरोध
जीरा (फिरोजपुर), 6 सितंबर (प्रताप सिंह हीरा) - जीरा में पहुंचे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और जिला अध्यक्ष कुलबीर सिंह जीरा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा काले झंडे दिखाकर तीखा विरोध किया गया। इस रोष प्रदर्शन की अगुवाई कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा की गई। इस मौके पर उनके साथ सैकड़ों कार्यकर्ता काले झंडे लेकर कुलबीर सिंह जीरा की कोठी से रवाना हुए। पुलिस द्वारा उन्हें शेरों वाला चौक में नाकाबंदी करके रोक लिया गया और आगे नहीं जाने दिया गया।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों संगरूर जिले के गांव शेरों में मुख्यमंत्री के 'सत्थ कार्यक्रम' के दौरान गांववासी मोहनजीत सिंह द्वारा काला झंडा दिखाया गया था, जिसके बाद पुलिस प्रशासन द्वारा उस पर कथित तौर पर अत्याचार किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में ही कांग्रेस पार्टी द्वारा आज मुख्यमंत्री के जीरा आगमन के मौके पर काले झंडे दिखाने का ऐलान किया गया था।
इस रोष प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। पुलिस द्वारा मौके पर भारी बैरिकेडिंग करके राजा वड़िंग, कुलबीर सिंह जीरा और अन्य कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री के काफिले की ओर जाने से पहले ही रोक लिया गया। इस मौके पर एसपी मनजीत सिंह, डीएसपी जीरा जसपाल सिंह और एसएचओ जसविंदर सिंह बराड़ द्वारा उन्हें आगे जाने से रोक दिया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई।

