रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर को 40,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

फिरोजपुर, 8 अक्टूबर ( राकेश चावला) - विजिलेंस ब्यूरो, रेंज फिरोजपुर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे विभाग के सीनियर सेक्शन इंजीनियर को 40,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।जानकारी अनुसार थाना विजिलेंस ब्यूरो, रेंज फिरोजपुर में मुकदमा नंबर 22 दिनांक 08.10.2026 धारा 7 पी.सी. एक्ट 1988 (संशोधन एक्ट 2018) के तहत आरोपी पंकज कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर, डी.आर.एम. कार्यालय, फिरोजपुर कैंट (रेलवे विभाग) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता हरदीप सिंह पुत्र गरमेज सिंह निवासी गांव झोक हरीहर, जिला फिरोजपुर ने बताया  कि उसने अमित कुमार पुत्र जगदीश लाल निवासी क्वार्टर नंबर 10/ई, गार्ड रनिंग रूम, फिरोजपुर कैंट को 4 लाख रुपये ब्याज पर दिए थे। पैसे वापस न करने पर हरदीप ने माननीय अदालत श्रीमती अमनदीप कौर राठौर, सिविल जज जूनियर डिवीजन फिरोजपुर में दिनांक 10.07.2026 को केस दायर किया।अदालत ने दिनांक 30.07.2026 को आदेश दिया कि अमित कुमार की तनख्वाह का 1/3 हिस्सा हर महीने हरदीप सिंह के पंजाब नेशनल बैंक, सदर बाजार, फिरोजपुर कैंट के खाते में ट्रांसफर किया जाए।
आरोप है कि इसी अदालती आदेश को लागू करने के बदले में डी.आर.एम. दफ्तर में तैनात एस.एस.ई. पंकज कुमार ने शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये रिश्वत की मांग की। जिस के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को 40,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश जारी है।

#रेलवे
# फिरोजपुर
# विजिलेंस ब्यूरो