अंबाला : रेलवे भर्ती परीक्षा में AI कैमरों से बड़ा फर्जीवाड़ा बेनकाब
अंबाला, 25 सितंबर - रेलवे ने भर्ती परीक्षा में पहली बार एआई कैमरों की मदद से एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। उत्तर रेलवे के अंबाला छावनी स्थित रेलवे स्टेडियम में आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान तीन दिन में सात मुन्नाभाई पकड़े गए हैं, जबकि दो भाग निकले हैं। ये सभी दूसरों के नाम पर दौड़ में शामिल हुए थे। तीन दिन में लगातार 3 मामले सामने आने से रेलवे विभाग में अफरातफरी है। दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है, अन्य 5 के खिलाफ जांच जारी है। रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ यानी आरआरसी की ओर से परीक्षा का आयोजन किया गया है।
मंडल कार्यालय अंबाला छावनी के अधिकारियों के अनुसार, रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ की ओर से 22 से 28 सितंबर 2026 तक शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन कराया जा रहा है। इसमें 35 किग्रा भार उठाकर 100 मीटर और 1000 मीटर की दौड़ कराई जा रही है। परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी कर रही प्राइवेट एजेंसी के एआई कैमरों के डेटा और बायोमीट्रिक मिलान के दौरान 24 सितंबर को यह बड़ा खुलासा हुआ। पहले मामले के तहत राजस्थान के अलवर के नजदीक रूपबास गांव निवासी गिरराज मीना अंबाला में परीक्षा देने पहुंचा था।

